सेचू घाटी में बादल फटने से हुए नुकसान का प्रशासन ने लिया जायजा

टवान में एक बीघा भूमि ध्वस्त, हिल्लू में समाजसेवी ने ग्रामीणों तक पहुंचाया पेयजल
The Administration Assessed The Damage Caused By A Cloudburst In The Sechu Valley
The Administration Assessed The Damage Caused By A Cloudburst In The Sechu Valley
विज्ञापन
पांगी . जनजातीय क्षेत्र पांगी की सेचू घाटी में दो स्थानों पर बादल फटने से हुए नुकसान का जायजा लेने मंगलवार को सब तहसील साच की टीम प्रभावित क्षेत्रों में पहुंची। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर नुकसान का आकलन किया और रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी। प्रशासनिक टीम के अनुसार टवान गांव में करीब एक बीघा कृषि भूमि पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे मटर की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं टवान और हिल्लू गांव की पेयजल पाइपलाइन भी तेज बहाव में बह गई, जिससे दोनों गांवों में पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार नाजिर हुसैन, पटवारी अमीर खान और होशियार चंद ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों की रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को भेज दी है।इस बीच हिल्लू गांव में समाजसेवी सनी पुरोहित ने मानवता की मिसाल पेश की।

पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित प्राकृतिक जलस्रोत से अपने वाहन में पानी भरकर गांव तक पहुंचाया, जिससे लोगों को राहत मिली।एसडीएम पांगी अमनदीप ने बताया कि प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। बारिश से बंद हुई सड़कों को युद्धस्तर पर बहाल करने का कार्य जारी है और लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं।