Chamba Pangi News: पांच महीने में उखड़ गई माल रोड की टायरिंग, करोड़ों के काम पर उठे सवाल
पांगी (चंबा): जनजातीय क्षेत्र पांगी के मुख्यालय किलाड़ स्थित माल रोड एक बार फिर अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। हैरानी की बात यह है कि बस अड्डे से लेकर सिविल अस्पताल किलाड़ तक लोक निर्माण विभाग की ओर से पिछले वर्ष बिछाई गई टायरिंग महज पांच महीने में ही पूरी तरह उखड़ गई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बनने से लोगों में भारी नाराजगी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग हर साल माल रोड पर लाखों रुपये खर्च कर टायरिंग करवाता है, लेकिन कुछ ही महीनों में सड़क की हालत फिर से पहले जैसी हो जाती है। ऐसे में निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सरकारी धन के उपयोग पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय दुकानदार रोशन राणा, अशोक कुमार, लकी, राजकुमार, देसराज, रविंद्र, बलवीर, अशोक कुमार और हरि राम ने कहा कि हर साल सड़क पर टायरिंग के नाम पर काम तो होता है, लेकिन उसका असर कुछ महीनों तक भी नहीं टिक पाता। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
लोगों का कहना है कि किलाड़ की यह माल रोड क्षेत्र की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग और वाहन गुजरते हैं। इसके बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति विभागीय कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा रही है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रवि शर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित ठेकेदार को सूचित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि विभाग जल्द ही माल रोड पर मजदूर तैनात कर मरम्मत कार्य शुरू करेगा।