Chamba Pangi News: पांगी में वन विभाग का बड़ा एक्शन, घरों में छापेमारी कर देवदार के 70 स्लीपर बरामद; वन माफिया में हड़कंप
Chamba Pangi News: पांगी: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला चंबा के दुर्गम क्षेत्र पांगी में वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों के खिलाफ वन विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया है। साच रेंज के तहत आने वाले मिंधल पंचायत के वरन्यू गांव में शनिवार को वन विभाग की एक विशेष टीम ने तड़के दबिश दी। इस ऑपरेशन के दौरान गांव के करीब एक दर्जन घरों की तलाशी ली गई, जिसमें देवदार की अवैध लकड़ी के स्लीपरों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। विभाग की इस अचानक हुई कार्यवाही से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और लकड़ी तस्करी में संलिप्त माफियाओं के बीच अफरा-तफरी का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार वन विभाग की ओर से अवैध कटान पर रोक लगाने के लिए वन मंडल अधिकारी (DFO) पांगी रवि गुलेरिया ने एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम में आरओ साच सुरेश कुमार की अगुवाई में की गई। सर्च अभियान के दौरान वन विभाग की टीम ने गांव के करीब 10 से 12 चिन्हित घरों में गहन तलाशी ली। इस दौरान घरों के भीतर और गुप्त स्थानों पर छिपाकर रखे गए 60 से 70 देवदार के स्लीपर बरामद किए गए। देवदार की यह लकड़ी पूरी तरह से अवैध पाई गई क्योंकि इसके समर्थन में ग्रामीण कोई भी वैध दस्तावेज या अनुमति पत्र पेश नहीं कर सके। विभाग ने तुरंत कार्यवाही करते हुए इन सभी स्लीपरों को अपने कब्जे में ले लिया है। इस बरामदगी ने यह साबित कर दिया है कि स्थानीय स्तर पर लकड़ी को डंप कर तस्करी की बड़ी तैयारी की जा रही थी।
पांगी घाटी के जंगलों पर वन माफिया की काली नजर पिछले काफी समय से बनी हुई है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यह कार्यवाही महज एक इत्तेफाक नहीं है, बल्कि पिछले कुछ दिनों से जारी अवैध गतिविधियों का परिणाम है। इससे पहले साच रेंज के ही चौरी जंगल में अवैध रूप से पेड़ों का कटान हुआ था। इस घटना के ठीक एक सप्ताह बाद मिंधल के वरन्यू जंगल में भी माफिया ने देवदार के पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाई। एक के बाद एक हुई इन वारदातों ने वन विभाग को सतर्क कर दिया था, जिसके बाद विभाग ने सीधे उस गांव में दबिश दी जहां लकड़ी छिपाए जाने की प्रबल संभावना थी।
इस बड़ी कार्यवाही की पुष्टि करते हुए वन मंडल अधिकारीपांगी रवि गुलेरिया ने बताया कि विभाग पांगी की बहुमूल्य वन संपदा की रक्षा के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि पांगी में सक्रिय वन माफिया पर विभाग की पैनी नजर है और किसी भी सूरत में अवैध कटान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गुलेरिया ने स्पष्ट किया कि वरन्यू गांव में की गई छापेमारी एक बड़े अभियान का हिस्सा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति अवैध लकड़ी के कारोबार में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत सख्त से सख्त कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।