Chamba Pangi News: जिला परिषद के लिए सुनीता नेगी ने भरा पर्चा, पहली बार मैदान में बी.एड क्वालीफाईड महिला उम्मीदवार

हिमाचल के पांगी में वीरवार को नामांकन प्रक्रिया के दौरान भारी उत्साह देखा गया। जिला परिषद के करयास वार्ड से सुनीता नेगी ने अपना नामांकन दाखिल किया, जो क्षेत्र की पहली बी.एड शिक्षित महिला प्रत्याशी हैं। इसके साथ ही घाटी की 19 पंचायतों में प्रधान, उप-प्रधान और वार्ड सदस्यों के लिए भी दर्जनों उम्मीदवारों ने पर्चा भरा। प्रशासन ने नामांकन प्रक्रिया के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
Chamba Pangi News
Chamba Pangi News
विज्ञापन

Chamba Pangi News: पांगी (चंबा): जनजातीय क्षेत्र पांगी में पंचायती राज चुनावों को लेकर नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है।  वीरवार को उपमंडल मुख्यालय किलाड़ स्थित मिनी सचिवालय में भारी गहमागहमी के बीच जिला परिषद के करयास वार्ड से सुनीता नेगी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। एसडीएम पांगी के कार्यालय में उन्होंने अपना पर्चा भरा। पांगी के चुनावी इतिहास में यह पहली बार है जब कोई बी.एड शिक्षित महिला जिला परिषद जैसे पद के लिए चुनावी मैदान में उतरी है।

वीरवार का दिन पांगी की 19 पंचायतों में भी नामांकन का सिलसिला जारी रहा। ग्राम पंचायत प्रधान पद के लिए घाटी के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 22 नामांकन दाखिल किए गए। इनमें सबसे अधिक शौर पंचायत से पांच, किलाड़ और करयास से तीन-तीन नामांकन आए हैं। वहीं, उप-प्रधान पद के लिए भी 13 उम्मीदवारों ने अपना दावा पेश किया है। लुज, धरवास, करेल, हुडान और सहाली जैसी पंचायतों में उम्मीदवारों ने अपने समर्थकों के साथ पहुँचकर नामांकन भरा। जैसे-जैसे नामांकन की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, गांवों में चुनावी चौपालें सजने लगी हैं और समीकरण पल-पल बदल रहे हैं।

केवल बड़े पदों पर ही नहीं, बल्कि वार्ड सदस्य (पंच) के पदों के लिए भी उम्मीदवारों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। वीरवार को वार्ड सदस्यों के लिए दर्जनों नामांकन पत्र जमा किए गए, जिनमें अकेले करयास वार्ड से 8 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा। इसके अलावा शौर से 5, किलाड़-चार से 4 और पुर्थी, रेई, शूण व सेचू जैसी पंचायतों से 3-3 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। सुराल, कुमार और करयूनी जैसी पंचायतों में भी नामांकन प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। प्रत्याशियों की इतनी बड़ी संख्या इस बात का संकेत है कि इस बार मुकाबला बहुकोणीय और चुनौतीपूर्ण होने वाला है।

खंड निर्वाचन अधिकारी योगेश कुमार ने वीरवार की चुनावी गतिविधियों की पुष्टि करते हुए बताया कि जिला परिषद पद के लिए अभी तक एक उम्मीदवार ने अपना नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन नामांकन प्रक्रिया की बारीकी से निगरानी कर रहा है ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी खामी न रहे। किलाड़ स्थित मिनी सचिवालय और अन्य केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। निर्वाचन अधिकारी ने उम्मीदवारों और समर्थकों से आदर्श चुनाव आचार संहिता का पालन करने की अपील की है। पांगी की दुर्गम परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही सभी मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता के आधार पर मैपिंग कर ली है।