Chamba Pangi News: पांगी में कांग्रेस के खिलाफ गरजी भाजपा, महिला आरक्षण बिल पर विधायक डॉ. जनक राज का तीखा हमला
Chamba Pangi News: पांगी: संसद में महिला आरक्षण बिल पारित न होने पर शुक्रवार को जनजातीय क्षेत्र पांगी के मुख्यालय किलाड़ में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने महिला आरक्षण बिल को लेकर कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। मुख्यालय किलाड़ के खेलकुद भवन में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के बाद यह रैली निकाली गई। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जहां भाजपा इस बिल को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बता रही है, वहीं कांग्रेस पर इसे रोकने का आरोप लगाते हुए प्रदेश में विरोध प्रदर्शन कर रही है। किलाड़ में शुक्रवार को पहले स्थानीय विधायक डॉक्टर जनक राज की अगुवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। रैली के माध्यम से कांग्रेस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी का आरोप लगाया गया।
इस अवसर पर विधायक डॉक्टर जनक राज विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का महिला विरोधी चेहरा एक बार फिर जनता के सामने उजागर हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कभी नहीं चाहती कि देश की महिलाएं लोकसभा और विधानसभाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व प्राप्त करें। केंद्र सरकार ने महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाएं और कांग्रेस की नीतियों का विरोध करें। इस मौके पर भाजपा मंडल पांगी के अध्यक्ष सतीश राणा, महामंत्री शक्ति ठाकुरवान, सुरेश व अन्य कार्यकर्ता मौजूदा रहे ।