Aadhaar Card Update: बच्चों के आधार कार्ड पर UIDAI का बड़ा फैसला! स्कूल में ही होगा बायोमेट्रिक अपडेट
"UIDAI के सीईओ भुवनेश कुमार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सभी मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर इस पहल से अवगत कराया और लक्षित MBU कैंप आयोजित करने में सहयोग करने का अनुरोध भी किया है। उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि ऐसा सोचा गया था कि स्कूलों के माध्यम से कैंप लगाने से लंबित MBU को पूरा करने में मदद मिल सकती है। मुख्य प्रश्न यह था कि स्कूलों को कैसे पता चलेगा कि किन छात्रों ने बायोमेट्रिक अपडेट नहीं किए हैं।
UIDAI और भारत सरकार के स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग की तकनीकी टीमों ने UDISE+ एप्लीकेशन के माध्यम से एक समाधान को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए मिलकर काम किया है। अब सभी स्कूलों को लंबित MBU की जानकारी मिल सकती है। शिक्षा के लिए एकीकृत जिला सूचना प्रणाली प्लस, स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग के अंतर्गत एक शैक्षिक प्रबंधन सूचना प्रणाली है और यह स्कूली शिक्षा से संबंधित अलग-अलग आंकड़े एकत्रित करती है। UIDAI और स्कूली शिक्षा विभाग के संयुक्त पहल से बच्चों के बायोमेट्रिक को अपडेट करने से आसानी की उम्मीद जताई जा रही है।